दूसरी मंजिल की सीढ़ियों से गिरकर बच्ची की मौत
साहिबाबाद। शालीमार गार्डन में शुक्रवार शाम एक बच्ची दूसरी मंजिल की सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गई। देर रात उपचार के दौरान नरेंद्र मोहन अस्पताल में उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत से परिजनों को रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है।
शालीमार गार्डन के विक्रम एंक्लेव में अरुण गुप्ता परिवार के साथ रहते हैं। वह अहमदाबाद में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। उनकी बेटी लुवांशा (3) शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1 स्थित चैंप्स वैली स्कूल में नर्सरी कक्षा की छात्रा थी। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार शाम अरुण घर पर थे। उनकी पत्नी लुवांशा के भाई मां के साथ दवाई लेने गई थीं। लौटते समय लुवांशा ने मां और भाई को घर की बालकनी से देख लिया। ऐसे में उन्हें बुलाने के लिए सीढ़ियों की ओर भागी और फिसलने से नीचे गिर गई। लुवांशा की चीख-पुकार सुनकर वह और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। तत्काल लुवांश को मोहननगर के नरेंद्र मोहन अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर चलते डाक्टरों ने लुवांशा को आईसीयू में रखा। उसके सिर में मल्टी फैक्चर थे। रात करीब एक बजे इलाज के दौरान लुवांशा ने दम तोड़ दिया। साहिबाबाद थाने में तैनात इंस्पेक्टर सुभाष गौतम ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है और न ही कोई शिकायत दी है।
सदमे में माता-पिता
बच्ची की मौत के बाद से परिजनों का रोकर बुरा हाल है। लुवांशा के माता-पिता को गहरा सदमा पहुंचा है। उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है कि अब लुवांशा उनके बीच नहीं रही। परिजनों का कहना था कि हमेशा सीढ़ियों के पास का दरवाजा बंद रहता था, लेकिन शुक्रवार को दरवाजा भी खुला रह गया।