बारातियों से भरी बस और टैपों में टक्कर, युवक की मौत
औरंगाबाद। खानपुर थाना क्षेत्र के गांव शेखपुर गढ़वा के सामने मंगलवार की देर रात बारातियों से भरी स्कूल की मिनी बस और टैंपो की आमने-सामने से भिड़त होने से टैंपो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस सवार करीब तीस बाराती घायल हो गए।
स्याना के मोहल्ला नंदपुरी निवासी हरेंद्र सिंह की बारात शिकारपुर क्षेत्र में गई हुई थी। देर रात लौटते समय बुलंदशहर-गढ़मुक्तेश्वर हाईवे स्टेट स्थित गांव शेखपुर गढ़वा के सामने बारातियों से भरी स्कूल की मिनी बस और टैंपो की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। इसमें टैंपो चालक बुलंदशहर के अनूपशहर बस स्टैंड निवासी ताहिर अली पुत्र अली मौहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्याना निवासी बाराती राहुल पुत्र घसीटा, घसीटा पुत्र रामस्वरूप सिंह समेत तीस लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही एसओ खानपुर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को लखावटी और स्याना के अस्पतालों में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायल बारातियों को घर भेज दिया। उधर मृतक के भाई ने बस चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। एसओ खानपुर हरिओम सिंह का कहना है कि पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो