गाजियाबाद। एटीएम पर रुपये निकालने गई महिला रूबी का कार्ड केबिन में खड़े दो युवकों ने बड़ी चालाकी से बदल दिया। आरोपियों ने रूबी के कार्ड से पांच हजार रुपये की नकदी और 61 हजार रुपये अन्य खातों में ट्रांसफर कर लिए। पीड़िता के मोबाइल पर खाते से रुपये निकलने का मैसेज आया तो ठगी की जानकारी हुई।
मधुबन बापूधाम के संजयनगर सेक्टर 23 निवासी रूबी ने बताया कि वह कालोनी में स्थित एटीएम से रुपये निकालने गई थी। एटीएम से रुपये निकालने का प्रयास किया लेकिन असफल रही। इसी दौरान दो युवक केबिन में घुस आए और कार्ड लेकर रुपये निकालने का प्रयास किया। इसके बाद भी रुपये नहीं निकले। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने रूबी को दूसरा एटीएम कार्ड दे दिया। जब वह घर पहुंची तो उनके मोबाइल पर पांच हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। इसके बाद 61 हजार रुपये अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर होने का मैसेज आया। पीड़िता ने मधुबन बापूधाम थाने में दो अज्ञात युवकों के खिलाफ धोखाधड़ी और कम्प्युटर संसाधनों से रुपये ट्रांसफर करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी कविनगर स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि एटीएम की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी।