हापुड़ चुंगी फ्लाईओवर का अप्रैल से शुरू होगा निर्माण
गाजियाबाद। हापुड़ चुंगी पर प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण का काम अप्रैल में शुरू हो सकता है। जीडीए की ओर से डीपीआर की प्रक्रिया लगभग पूरी होने के बाद अप्रैल से टेंडरिंग की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हापुड़ चुंगी फ्लाईओवर के निर्माण का जिम्मा सेतु निगम के स्थान पर किसी नई एजेंसी को सौंपा जा सकता है।
हापुड़ चुंगी गाजियाबाद का नया जाम प्वाइंट बन गया है। फ्लाईओवर बनने से रोजाना जाम में फंसने वाले लोगों को जाम से निजात मिल जाएगी। फ्लाईओवर के निर्माण के लिए दो साल की समयसीमा निर्धारित की गई है। फ्लाईओवर छह लाइन का होगा। एनएच-58 से एनएच-24 पर कविनगर व शास्त्रीनगर जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी। जीडीए की ओर से हापुड़ चुंगी पर प्रस्तावित फ्लाईओवर के नीचे यू-टर्न के लिए सीपीडब्ल्यूडी व इंग्राहम इंस्टीट्यूट से जमीन संबंधी मसला हल होने के बाद प्रक्रिया तेज हो गई है। वसुंधरा में फ्लाईओवर निर्माण में धीमी प्रगति का खामियाजा सेतु निगम को भुगतना पड़ सकता है।
65 करोड़ आएगा खर्च
जीडीए की ओर से हापुड़ चुंगी पर प्रस्तावित फ्लाईओवर की पहले डीपीआर तैयार की गई थी। उसके मुताबिक फ्लाईओवर के निर्माण पर करीब 65 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है। छह लेन के फ्लाईओवर की लंबाई पहले 940 मीटर थी। फ्लाईओवर एएलटी से शुरू होकर शास्त्रीनगर-कविनगर चौराहे तक बनेगा। यातायात में दिक्कत न हो इसलिए सिंगल पिलर पर काम हो सकता है।