साहिबाबाद। हिंडन एयरपोर्ट से किशनगढ़ के लिए शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे उड़ान भरी गई। इससे पूर्व किशनगढ़ से हिंडन एयरपोर्ट पर सवा तीन बजे 57 यात्री उतरे। 76 सीटर इस प्लेन में यहां से जाने वाले यात्रियों की संख्या 47 रही। किशनगढ़ के लिए फ्लाइट को एयरपोर्ट निदेशक वी. सरस्वती ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
स्टार एयरलाइंस कंपनी ने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना आरसीएस के तहत हिंडन एयरपोर्ट से किशनगढ़ के लिए उड़ान शुरू की है। 76 सीटर इस विमान में 12 सीट बिजनेस क्लास के लिए रखी गई हैं। स्टार एयरलाइंस कंपनी के उपाध्यक्ष मनु आनंद ने बताया कि दिल्ली एनसीआर से किशनगढ़ के लिए यह पहली फ्लाइट है। दो वर्ष पूर्व एक अन्य कंपनी दिल्ली से किशनगढ़ के लिए विमान संचालित करती थी, जो बंद हो चुकी है। ऐसे में हिंडन से किशनगढ़ के लिए स्टार एयरलाइंस को अपने इस विमान से बिजनेस की काफी उम्मीद है। हिंडन एयरपोर्ट से किशनगढ़ के लिए शुक्रवार से सोमवार तक लगातार चार दिन लोग शाम साढ़े पांच बजे उड़ान भर सकते हैं। विमान का किराया 999 रुपये रखा है। फ्लाइट से उतरे सभी यात्री हिंडन एयरपोर्ट से किशनगढ़ के लिए शुरू होने वाली उड़ान से काफी खुश दिखे। सभी का कहना था कि पहले ट्रेन से आना-जाना होता था, शताब्दी से भी सात घंटा लगता था जबकि लोग यहां एक घंटे में पहुंच गए, अन्य प्रक्रिया का समय जोड़े तब भी तीन घंटे ही पूरे सफर में लगे हैं। किशनगढ़ से हिंडन एयरपोर्ट पर उतरी पहली फ्लाइट से चिश्ती फाउंडेशन अजमेर शरीफ के चेयरमैन हाजी सैयद सलमान चिश्ती भी यात्रियों में शामिल रहे।
इनसेट
क्या बोले यात्री
हमें अजमेर एक शादी में जाना था पहले ट्रेन का टिकट ले रहे थे, लेकिन मालूम हुआ कि हिंडन एयरपोर्ट से फ्लाइट शुरू हो रही है तो सीट बुक कराई। दिल्ली एनसीआर में रहने वाले लोगों को एक बड़ी सुविधा मिली है। प्रिया कौशांबी
राजनगर एक्सटेंशन में मेरी ससुराल है, यहां आने में पहले पूरा दिन लग जाता था, लेकिन आज महज तीन घंटे में यहां पहुंच गया हूं। एक घंटे फ्लाइट में लगे और दो घंटे में अन्य प्रक्रिया पूरी हुई। अजीत
राजेंद्र नगर में हमारा प्रोजेक्ट चल रहा है किशनगढ़ से आना-जाना लगा रहता है। पहले दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने में ही दो से तीन घंटे लग जाते थे, वहीं अब इतने ही समय में हम यहां पहुंच गए। महेंद्र
-
इनसेट
किशनगढ़ से शुरू हुई फ्लाइट तो घूमन चले आए
किशनगढ़ से हिंडन एयरपोर्ट पर उतरे पर दो से तीन परिवार ऐसे भी थे जो उनके यहां से फ्लाइट शुरू होने की खुशी में यात्रा की थी। अमर सिंह ने बताया कि म्हारे यहां से फ्लाइट शुरू हुई तो घूमण चले आए। अमर सिंह का परिवार हिंडन एयरपोर्ट पर उतरा और बाद में साढ़़े पांच बजे की फ्लाइट से वापस किशनगढ़ लौट गया।