गाजियाबाद। नगर कोतवाली क्षेत्र के जस्सीपुरा निवासी मोहम्मद अखलाक से दो लोगों ने बंद पड़ी फैक्टरी का स्क्रैप बेचने का सौदा करके 51.77 लाख रुपये हड़प लिए। रुपये वापस मांगने पर आरोपी अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मामले में अखलाक ने नगर कोतवाली में सुरेश और राहुल जोशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। अखलाक का कहना है कि उनका स्क्रैप का कारोबार है। उनकी मुलाकात सुरेश और राहुल से हुई। उन्होंने खुद को एक कंपनी का निदेशक बताया और कंपनी का कार्यालय ओडिशा में बताया। उन्होंने बताया कि उनका एक प्लांट बंद हो गया। जिसमें काफी मशीन, लोहे व अन्य स्क्रैप पड़ा है। सौदा करने के बाद दोनों उनसे एडवांस भुगतान करने को कहा। ऐसा करके उन्होंने उनसे 61.85 लाख रुपये ले लिए। काफी समय बीत जाने के बाद उन्होंने उन्हें माल नहीं दिया। कई बार कहने पर उन्होंने दो बार में करीब 10 लाख रुपये का माल दिया। इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर टालमटोल करते रहे। अब रुपये वापस मांगने पर धमकी दे रहे हैं। एसीपी कोतवाली रविंद्र वर्मा का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।