सिंगल विंडो सिस्टम में जुड़ेंगी नई सेवाएं और सुविधाएं
गाजियाबाद। जीडीए के सिंगल विंडो सिस्टम में आने वाले दिनों में लोगों को नई सेवाएं और सुविधाएं मिलेंगी। जीडीए की ओर से नोएडा, गुरुग्राम और बैंगलोर विकास प्राधिकरण की तकनीकी सेवाओं की स्टडी कर सिंगल विंडो सिस्टम को लोगों के और मुफीद बनाने के प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए प्राधिकरण के अधिकारियों की टीम जल्द इन प्राधिकरणों का दौरा कर नई सेवाओं और सुविधाओं को सिस्टम में शामिल किया जाएगा।
प्राधिकरण उपाध्यक्ष की मंशा सिंगल विंडो सिस्टम पर लोगों को अधिक से अधिक सुविधाएं मुहैया कराने पर है। अन्य प्राधिकरणों की तरह जीडीए में भी योजना लागू होती हैं तो लोगों को आसानी से घर खरीदने और एक क्लिक पर अवैध कॉलोनियों का ब्योरा व नक्शे उपलब्ध होंगे। दूसरी ओर गुरुग्राम व बैंगलोर प्राधिकरण की तरह ऑनलाइन संपत्तियों का ब्योरा हासिल करने के साथ संपत्ति के किसी दस्तावेज की आसानी से डुप्लीकेट कॉपी मिल सकेगी। ऐसी ही व्यवस्था को जीडीए के सिंगल विंडो सिस्टम पर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद लोगों को किसी काम के लिए महीनों इंतजार नहीं करना होगा। जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा ने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के प्रयास जारी हैं। तीन प्राधिकरणों की व्यवस्था को जानने के लिए अधिकारियों की टीम दौरा करेगी।