एमएसएमई के उत्पाद खरीदेगी केंद्र सरकार, एमओयू साइन
गाजियाबाद। केंद्र सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की गर्वमेंट ई-मार्केट प्लेस (जीईएम) के साथ इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) ने एमओयू साइन किया है। इसके तहत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम श्रेणी (एमएसएमई) के उद्योगाें को प्रोत्साहित करने के लिए केंद्र सरकार पांच लाख करोड़ रुपये की खरीद इनसे करेगी। एमएसएमई के उत्पाद बिकेंगे तो रोजगार भी उसी के अनुरूप बढ़ेगा।
लंबे समय से मांग की जा रही थी कि एमएसएमई के उत्पादों को सरकार प्राथमिकता के तौर पर खरीदे। इससे एमएसएमई को एक बाजार मिलेगा और उनका मुनाफा बढ़ेगा। अधिक फैक्ट्रियां लगने पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज सिंघल ने बताया कि इस एमओयू का फायदा गर्वमेंट ई-मार्केट प्लेस पर पंजीकृत उद्यमियों को मिलेगा। उद्यमी अपने उत्पादों की जानकारी वेबसाइट पर डालेंगे। केंद्र सरकार अपनी जरूरत व प्राथमिकता के आधार पर पांच लाख करोड़ रुपये की खरीद एमएसएमई सेक्टर से करेगी। यह एक बहुत बड़ी धनराशि है। इससे निश्चित तौर पर उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। उद्यमी अन्य जगहाें पर भी नई फैक्ट्रियां डाल सकेंगे। रोजगार भी बढ़ेगा। उन्हाेंने बताया कि जो उद्यमी पोर्टल पर पंजीकृत नहीं है, वह भी आगे आएंगे। यह एमओयू दिल्ली स्थित गर्वमेंट ई-मार्केट प्लेस के कार्यालय में हुआ है। केंद्र सरकार की ओर से सीईओ एस राधा चौहान, एडिशनल सीईओ एस सुरेश कुमार, डायरेक्टर मयंक बिष्ट व डिप्टी डायरेक्टर दीपेश गहलोत मौजूद थे।