बीमारी से परेशान व्यापारी ने फंदा लगाकर खुदकुशी की
साहिबाबाद। राजेंद्र नगर सेक्टर-दो में एक व्यापारी ने बीमारी से परेशान होकर फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के दौरान उनका छोटा बेटा घर पर था, जबकि पत्नी और बड़ा बेटा खाटू श्याम दर्शन करने गए थे। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
राजेंद्र नगर सेक्टर-दो में कुलदीप रस्तोगी (55) पत्नी और दो बेटों के साथ रहते थे। उनकी घर के पास ही मेटल की दुकान है। थी। रिश्तेदार ने बताया कि कुलदीप करीब 25 साल से पेट की बीमारी से परेशान थे। उनका दिल्ली के एक निजी डाक्टर से इलाज चल रहा था। दो दिन पहले उनका बड़ा बेटा और पत्नी खाटू श्याम दर्शन करने गए थे, छोटा बेटा घर पर ही था। रविवार सुबह दस बजे छोटे बेटे ने उन्हें कमरे में पंखे पर फंदे से लटका देखा। उसकी सूचना पर पड़ोसी और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला। इसमें कुलदीप ने पेट की बीमारी से परेशान होकर खुदकुशी करने की बात लिखी है। एसएचओ साहिबाबाद राकेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।