लिंक रोड पर बनेगी रोटरी, हादसों पर लगेगी लगाम
गाजियाबाद। मेरठ रोड को एनएच-24 से जोड़ने वाली लिंक रोड पर डीपीएस सिद्धार्थ विहार के सामने का चौराहा हादसे का कारण बनता जा रहा है। लिंक रोड पर फर्राटा भरते वाहनों को सबसे ज्यादा खतरा प्रताप विहार और सिद्धार्थ विहार की ओर जाने वाले वाहनों से रहता है। लिंक रोड पर बढ़ते सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए अब गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रतापविहार-सिद्धार्थ विहार कट पर रोटरी बनाएगा।
रोटरी के लिए प्राधिकरण अधिकारियों ने प्लान और एस्टिमेट तैयार करना शुरू कर दिया है। रोटरी बनने एक ओर मेरठ रोड से एनएच-24 और एनएच-24 से मेरठ रोड ओर जाने वाले वाहनों की गति थोड़ी कम होगी। दूसरी ओर प्रताप विहार से सिद्धार्थ विहार की ओर जाने वाले वाहन बगैर किसी डर के एक दूसरी ओर जा सकेंगे। लिंक रोड शुरू होने से लेकर अब तक इस चौराहे पर कई हादसे हो चुके हैं। इसके बाद प्राधिकरण ने रोटरी के जरिए समस्या के हल का प्लान बनाया है।
लिंक रोड बनने से मेरठ रोड से सीधे एनएच-24 जाने वालों को बड़ी राहत मिल गई है। लिंक रोड पर केवल प्रताप विहार और सिद्धार्थ विहार के सामने कट दिया गया है। यह कट अभी सिग्नल-फ्री है। ट्रैफिक सिग्नल नहीं होने से दिन में तो लोग जैसे तैसे रोड पार कर लेते हैं। लेकिन रात में लिंक रोड पर तेज रफ्तार दौड़ते वाहनों के बीच प्रताप विहार व सिद्धार्थ जाने वाले वालों दो और चार पहिया वाहन चालकों को बड़ी सावधानी से रोड क्रॉस करनी पड़ती है। थोड़ी सी असावधानी हादसे का कारण बन सकती है।