शिक्षण संस्थानों में चलेगा स्वस्थ शरीर-स्वस्थ दिमाग पखवाड़ा
बुलंदशहर। शिक्षण संस्थानों खासकर परिषदीय स्कूलों में स्वथ्य शरीर-स्वस्थ दिमाग पखवाड़ा मनाया जाएगा। मिड-डे-मील योजना के अंतर्गत मनाए जाने वाला यह सप्ताह 15 जनवरी से शुरू होगा। मध्यान्ह भोजन प्राधिकरण उप्र के निदेशक अब्दुल समद की ओर से भेजे गए आदेश को डीएम ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंपते हुए उसका पालन करने के निर्देश दिए हैं। आदेशानुसार 15 से 30 जनवरी तक शिक्षण संस्थानों में स्वस्थ्य शरीर-स्वस्थ दिमाग पखवाड़ा मनाया जाना है। इस पखवाड़े के तहत मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत गठित समूह की बैठक होगी। अध्यापकों द्वारा छात्र-छात्राओं से भोजन की गुणवत्ता, व्यक्तिगत स्वच्छता व पर्यावरण स्वच्छता पर भी चर्चा होगी। विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि आदि को विद्यालय में आमंत्रित कर बच्चों को साफ-सफाई के बारे में जानकारी प्रदान की जाएगी। विद्यालय की ओर से स्वच्छता संबंधी रैली, खेलकूद, वाद-विवाद, चित्रकला और पोस्टर मेकिंग के अलावा नाटक आदि का भी आयोजन होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजीत कुमार का कहना है कि स्वस्थ शरीर-स्वस्थ दिमाग पखवाड़ा मनाने के लिए तैयारी शुरू हो गई है।