करंट लगने से संविदा कर्मचारी की मौत
शिकारपुर। क्षेत्र के गांव सरावा रमपुरा में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक विद्युत संविदा कर्मचारी झुलसकर घायल हो गया। गंभीरावस्था में उसे सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सोमवार की सुबह करीब 11 बजे सरावा बिजलीघर पर तैनात संविदा कर्मचारी अरविंद गिरी उर्फ अमलेश पुत्र रौदास गिरी निवासी सरावा गांव में बिजली का फॉल्ट सही कर रहा था। उसी दौरान वह एचटी लाइन की चपेट में आ गया। लोगों में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि अरविंद के लाइन पर काम करने के दौरान शट डाउन लिया गया था या नहीं। हालांकि बिजली विभाग के अधिकारी जांच के बाद ही कुछ बताने की बात कह रहे हैं। एसडीओ एसके गोयल का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है। उधर अरविंद की मौत की सूचना पाकर उसके घर में मातम का माहौल है। सीएचसी पहुंचे मृतक के पिता रौहताश ने बताया कि उसके चार पोते है। बेटे की मौत के बाद उनकी देखभाल कौन करेगा। एसएचओ पीआर शर्मा ने बताया कि जेई हरेंद्र कुमार की सूचना रिपोर्ट पर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है।