हाईप्रोफाइल जालसाज अभिषेक को भेजा जेल
साहिबाबाद। वेडिंग प्लानर और फिल्म डायरेक्टर की फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को ठगने वाला हाईप्रोफाइल जालसाज अभिषेक को शुक्रवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। इंदिरापुरम पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी से पूछताछ की। पुलिस को अब अभिषेक के साथियों की तलाश है।
एसएचओ इंदिरापुरम सुशील दुबे ने बताया कि 2016 में नितिन शर्मा ने अभिषेक कश्यप के खिलाफ 10 लाख रुपये ठगने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। नितिन का आरोप था कि अभिषेक ने वेडिंग एमिगोज नाम की वेबसाइट से वेडिंग प्लान का ऑफर किया। ऑफर सही लगने पर उन्होंने अभिषेक से 10 लाख रुपये में बहन की शादी कराने का पैकेज लिया। नितिन शर्मा शादी से दो दिन पहले अभिषेक द्वारा इंदिरापुरम में बताए गए पते पर पहुंचे तो पता चला कि उनकी बुकिंग निरस्त हो गई है। इस पर उन्होंने अभिषेक के खिलाफ इंदिरापुरम थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस तभी से इस मामले में अभिषेक की तलाश कर रही थी। बृहस्पतिवार को एसटीएफ की मदद से उसे लखनऊ के गोमती नगर थाना क्षेत्र के शहीद पथ पर गिरफ्तार कर लिया। एसएचओ ने बताया कि अभिषेक खुद को डायरेक्टर बताकर फिल्म इंडस्ट्री में काम दिलाने के नाम पर भी जालसाजी कर चुका है। उसके कई अभिनेताओं के साथ तस्वीरें हैं। वह इन्हें दिखाकर लोगों को अपने झांसे में लेता था।