इंदिरापुरम। एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर वसुंधरा सेक्टर-10 में रहने वाले व्यक्ति से करीब 51.50 लाख रुपये की ठगी हुई है। मामले की शिकायत पीड़ित ने इंदिरापुरम थाना पुलिस से की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। टूल्स बनाने की फैक्टरी चलाने वाले लक्ष्मीकांत पाराशर ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि प्रॉपर्टी डीलर नवीन शर्मा का कार्यालय वसुंधरा सेक्टर 16 में हैं। उनका बेटा एमबीबीएस में दाखिल लेना चाहता था। वह लगातार एमबीबीएस में दाखिला दिलाने की कोशिश कर रहे थे। इस बारे में नवीन को भी पता था। नवीन ने करीब पांच माह पहले उन्हें संतोष सिंह, अतुल सिंह और शिवकुमार सिंह से मिलवाया। तीनों ने कहा कि वह मैनेजमेंट कोटे से निजी कॉलेज में एडमिशन दिला देंगे। इसके लिए आरोपियों ने उनसे पांच बार में 46.50 लाख रुपये नकद लिया। पीड़ित ने अपने मित्र सुभाष गुप्ता से भी पांच लाख रुपये आरोपियों के खाते में भिजवाए। रुपये लेने के बाद चारों बहाने बना रहे हैं और आज तक बेटे के दाखिले के बारे में कोई जवाब नहीं दिया। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।