गाजियाबाद। शहर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने और हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाने के लिए महापौर सुनीता दयाल ने शुक्रवार को शहर के तीन अलग-अलग वार्डों में करीब एक करोड़ 3 लाख रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। 15वें वित्त आयोग से स्वीकृत इन परियोजनाओं में दो नलकूप और एक आरसीसी सड़क व नाली का निर्माण शामिल है। इससे करीब 50 हजार की आबादी को पेयजल के संकट से राहत मिलेगी, जबकि 100 घरों को जलभराव व जर्जर सड़क से निजात मिल सकेगी।
शिलान्यास के दौरान महापौर ने मौके पर मौजूद अवर अभियंता (जेई) को निर्देशित किया कि नलकूपों में किस कंपनी की मोटर लगाई जा रही है और किस कंपनी के कितने पाइप डाले जा रहे हैं, इसका पूरा विवरण व वीडियो बनाकर समय-समय पर उन्हें भेजा जाए, ताकि गुणवत्ता में कोई गड़बड़ी न हो सके। महापौर ने कहा कि शासन की हर घर गंगाजल योजना के तहत नगर निगम लगातार पेयजल आपूर्ति पर काम कर रहा है। इससे पहले विजय नगर के करीब 10 वार्डों में गंगाजल की आपूर्ति शुरू कर वहां की पानी की किल्लत को दूर किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि वार्ड-38 अर्थला में 47.70 लाख रुपये की लागत से 30 एचपी का नलकूप तैयार किया जाएगा। इसके अलावा वार्ड-6 साईं एनक्लेव (नंदग्राम) में 47.70 लाख रुपये की लागत से 30 एचपी का नलकूप और वार्ड-14 सेक्टर-9 पुराना विजयनगर में दीनदयाल शर्मा के मकान से नंदराम व हरेंद्र से दीनबंधु शर्मा के मकान तक 7.70 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाली व सड़क का निर्माण कराया जाएग। उसी तर्ज पर अब अर्थला और नंदग्राम क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया जा रहा है। इस अवसर पर पार्षद सुनैना देवी, मनोज पाल, ओमप्रकाश ओड, रामपाल नेताजी, दीपक राघव और मंडल अध्यक्ष हेमंत त्यागी आदि मौजूद रहे।