लगातार तीसरे दिन रविवार को भी इंदिरापुरम में 50 हजार लोगों को पानी नहीं मिला। छुट्टी का पूरा दिन लोगों को टैंकर से पानी लेने में बीत गया। शनिवार को मोटर ठीक कर दी गई थी लेकिन मोटर लगाने के दौरान दोबारा फुंक जाने से लोगों को परेशानी हुई। कई सोसायटी में पानी नहीं मिलने से लोग बोतलबंद पानी खरीदकर पीने को मजबूर हुए।
इंदिरापुरम में शुक्रवार देर रात मोटर फुंक जाने से ज्ञानखंड-एक, दो और ज्ञानखंड-चार के निवासी परेशान रहे। शनिवार देर रात से रविवार को पूरा दिन लोग पानी की समस्या से जूझते रहे। ज्ञानखंड-चार के ग्रीन पार्क लेन सोसायटी में शनिवार शाम छह बजे से पानी के टैंकर के लिए जीडीए के उच्च अधिकारियों को फोन करने के पांच घंटे बाद देर रात 11 बजे पानी का टैंकर पहुंचा। लोगों ने घर से बाल्टी, टब, बर्तन सहित पानी के भंडार के अन्य सामान निकाल कर पानी का भंडारण करने में जुट गए। इसके बाद सोसायटी में रविवार सुबह 10 बजे पानी का टैंकर पहुंचा, जिसके बाद सोसायटी के सभी लोगों ने अपने जरूरत के अनुसार पानी का भंडारण किया।
न्यायखंड में पहले पानी भरने की लगी रही होड़
न्यायखंड में पानी का टैंकर पहुंचने के बाद लोगों में पहले पानी भरने की होड़ लगी रही। इस दौरान धक्का मुक्की भी हुई। न्यायखंड एक और दो में सुबह 11 बजे से दिनभर लोग लाइन में लगकर पानी भंडारण में जुटे रहे। इनमें महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग सहित बच्चे भी शामिल हुए। कई जगह देरी से पानी का टैंकर पहुंचने पर लोग परेशान रहे।
जीडीए के पंप ऑपरेटर रमेश ने बताया कि पानी की आपूर्ति के लिए आठ टैंकर लगाए गए। जहां-जहां पानी की आपूर्ति नहीं हुई, उस जगह पर टैंकर के माध्यम से आपूर्ति की गई। टैंकर का पानी खत्म होने के बाद दोबारा उसे भरकर कॉलोनी में भेजा गया। शाम सात बजे पानी आपूर्ति होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
नगर निगम के पाइपलाइन में आई लीकेज
इंदिरापुरम के न्यायखंड-एक में नगर निगम की यूजीआर टैंक के पाइपलाइन में लीकेज आने से समस्या बनी रही। पाइपलाइन में लीकेज होने से रविवार को पूरे दिन पाइपलाइन से पानी का रिसाव होता रहा। दोपहर के समय नगर निगम की टीम आकर पाइपलाइन को ठीक की।
मोटर को ठीक करके पानी की आपूर्ति कराई जा रही है। कम दबाव से पानी की आपूर्ति हुई, कही समस्या होने पर वैकल्पिक व्यवस्था के लिए चार टैंकर रखे गए हैं। जहां समस्या होने से टैंकर से पानी की आपूर्ति की जाएगी।
-प्रशांत गौतम, अधिशासी अभियंता, जीडीए