गाजियाबाद। इंदिरापुरम के कैलाश मानसरोवर भवन में कैलाश यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को यात्रा का दूसरा बैच भवन पहुंचा। इसमें 48 श्रद्धालुओं के साथ दो संपर्क अधिकारी शामिल रहे। जीडीए की तरफ से उनका स्वागत किया गया। सभी लोग पांच दिन तक यहां रुकेंगे और आगे की यात्रा आरंभ करेंगे।
आने वाले चार महीनों में कैलाश मानसरोवर भवन में 1000 श्रद्धालु पहुंचेंगे। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल ने बताया कि सभी श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखकर तैयारी की गई है। उनकी सभी जरूरतों का ध्यान रखा जाएगा।
पांच दिन का कार्यक्रम तय
यात्रा में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पांच दिनों के लिए योजना तैयार की जा रही है। पहले दिन यात्रियों की शारीरिक व मानसिक तैयारी के लिए योग और प्राणायाम सत्र आयोजित किया जाएगा । दूसरे दिन सुबह खाली पेट मेडिकल एग्जामिनेशन सेंटर में स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की जाएगी।
तीसरे दिन यात्रियों को फिटनेस प्रमाणपत्र प्राप्त कराने की प्रक्रिया पूर्ण कराई जाएगी। चाैथे दिन श्रद्धालुओं को विदेश मंत्रालय, नई दिल्ली में वीजा संबंधी औपचारिकताओं के लिए भेजा जाएगा। पांचवें दिन श्रद्धालुओं को उनकी यात्रा के अगले चरण के लिए शुभकामनाओं के साथ रवाना किया जाएगा। यह प्रक्रिया हर आने वाले श्रद्धालुओं के ग्रुप के साथ होगी।
इस दाैरान यहां उनके रहने और खाने के साथ-साथ हिमालयीय क्षेत्रों के लिए शारीरिक तैयारी, 24 घंटे चिकित्सा सहायता व एम्बुलेंस सेवा भी रहेगी।