साहिबाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र के झंडापुर में एक युवक का डेबिट कार्ड बदलकर खाते से 49 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी से पूछताछ कर रही है।
झंडापुर के राजेंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि वह सात मार्च को झंडापुर में एक निजी बैंक के एटीएम बूथ में रुपये निकालने गए थे। इस दौरान उनके पीछे से दो युवक खड़े हो गए। आरोप है कि दोनों शातिरों ने ट्रांजेक्शन रद्द कराने के लिए उनसे मशीन में दोबारा डेबिट कार्ड डलवाया। इसके बाद उन्हें पिन डालकर कार्ड दे दिया। वह घर पहुंचे तो मोबाइल पर चार बार में 49 हजार रुपये निकालने का मैसेज देखकर होश उड़ गए। पर्स से डेबिट कार्ड निकालकर देखा तो वह दूसरी कंपनी का था। वह तुरंत दौड़कर एटीएम बूथ पर पहुंचे लेकिन तब तक दोनों शातिर वहां से जा चुके थे। पुलिस ने बैंक से एटीएम बूथ की सीसीटीवी फुटेज लेकर एक आरोपी की पहचान की है। टीम उससे पूछताछ कर रही है।