गाजियाबाद में रविवार को कोरोना संक्रमण की चपेट में 63 नए मरीज आए। इलाज के बाद 43 लोग संक्रमण मुक्त भी हुए। इस समय 381 मरीजों का इलाज चल रहा है। जिले में अभी तक 27,512 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 27029 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि गंभीर रूप से संक्रमित 102 मरीजों की मौत की पुष्टि हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 27 हजार कोरोना मरीजों में से 48 प्रतिशत लोग अपनी मर्जी से बूथ पर कोविड टेस्ट के लिए आए थे। करीब 35 प्रतिशत रोगियों में इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी या सांस लेने में परेशानी के लक्षण थे। केवल दो प्रतिशत रोगी हाई कंटेनमेंट जोन से थे।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 27,324 कोविड मामलों में से 13,166 मामले रेंडम सेलेक्शन कैटेगरी से आए हैं। लगभग 29 प्रतिशत (7,916) रोगियों में आईएलटी के लक्षण थे, जबकि छह प्रतिशत (1,649) मरीजों में एसएआरआई के लक्षण पाए गए थे।
उधर बढ़ रहे कोरोना के कहर के बावजूद भी लोग टीकाकरण नहीं करा रहे हैं। शनिवार को 58 सरकारी और 24 निजी अस्पतालों में ही टीकाकरण किया गया था, उनमें 12 सरकारी स्वास्थ्य केंद्र ऐसे थे जहां पर एक भी टीका नहीं लगा। मुरादनगर के सुराना और महाराजपुर-2 में सिर्फ आठ लोगों ने टीकाकरण कराया। एक निजी अस्पताल और 5 सरकारी केंद्रों पर पांच से नौ लोगों ने टीकाकरण कराया।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार भोजपुर ब्लॉक के शकूरपुर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, फरीदनगर, तलहैटा में शनिवार को केवल 17 लोगों ने टीकाकरण कराया। दुहाई, बम्हैटा, अटौर, भोवापुर, इंद्रगढ़ी, मसूरी, नाहल, कैलाभट्ठा, सरस्वती कॉलोनी साहिबाबाद समेत 12 सरकारी केंद्रों पर शनिवार को एक भी टीकाकरण नहीं हुआ।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कुछ सेंटर पर टीकाकरण के लिए लाभार्थी नहीं पहुंचे थे। उन केंद्रों को चयनित किया गया है। कुछ इलाकों में लोगों में वैक्सीन को लेकर जागरूकता की कमी दिख रही है, जिसे दूर करने के प्रयास किया जा रहा है।