मोदीनगर। साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन गाय बेचने का झांसा देकर एक युवक से 46 हजार रुपये ठग लिए। युवक ने ठगी का एहसास होने पर और रकम देने से इन्कार किया तो बदमाश गो हत्या का मुकदमा दर्ज कराकर जेल भेजने की धमकी देने लगे। पीड़ित ने बुधवार को थाने में तहरीर दी है।
शिवपुरी कॉलोनी निवासी लोकेश कुमार ने बताया कि वह गोपालक है। काफी समय से लोकेश एक अच्छी नस्ल की गाय तलाश रहें थे। तीन दिन पूर्व इंटरनेट पर सर्च किया तो गुजरात में एक अच्छी नस्ल की गाय मिल गई। इंटरनेट पर दिए नंबर पर गाय के विक्रेता से बात हो गई। ट्रांसपोर्ट सहित 40 हजार रुपये में सौदा तय हो गया। लोकश ने गाय विक्रेता के खाते में रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद आरोपियों ने टोल टैक्स के छह हजार रुपये और ले लिए। 46 हजार ट्रांसफर होने के बाद आरोपियों ने गाय नहीं भेजी। एसीपी का कहना है कि मामला साइबर सेल को भेज दिया गया है।