इंदिरापुरम। वसुंधरा सेक्टर 17 ए निवासी क्रांतिलाल के दो क्रेडिट कार्ड से साइबर ठगों ने चार बार में 4,45,404 रुपये निकाल लिए। ठगी आईजीएल गैस का बिल अपडेट करने के नाम पर एपीके फाइल भेजकर की गई। मामला छह फरवरी का है और पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू की है।
क्रांतिलाल ने बताया कि छह फरवरी को उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया। उसमें आईजीएल गैस बिल अपडेट न होने की बात लिखी थी और अपडेट करने के लिए 10 रुपये का शुल्क जमा करने को कहा गया था। मैसेज में आईजीएल के नाम से एपीके फाइल भी थी। जब उन्होंने फाइल को आपेन करने के लिए क्लिक किया तब दोनों क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने का प्रयास किया लेकिन नहीं हुआ बल्कि उनका फोन हैक हो गया। करीब 20-25 मिनट बाद उनके एक क्रेडिट कार्ड से दो बार में 2,41,324 रुपये और दूसरे क्रेडिट कार्ड से 2,04,080 रुपये कट गए। इसकी शिकायत उन्होंने तुरंत पुलिस से की। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर हुई है। सभी की जानकारी बैंक से मांगी गई है। खातों को फ्रीज करने के लिए भी बैंक प्रबंधन को ई-मेल किया गया है।