गाजियाबाद/डासना। वेव सिटी क्षेत्र के दीनानाथपुर पूठी गांव में शनिवार की रात को चोरों ने नरेंद्र कुमार, बंटी और अंश के घरों में घुसकर करीब 36 लाख के गहने व नकदी चुरा लिए। सुबह उठने पर परिवार वालों को चोरी का पता चला। मामले की वेव सिटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
नरेंद्र ने बताया कि वह कार सेल-परचेज का काम करते हैं। 31 जनवरी को वह बच्चों के साथ घर में बाहर वाले कमरे में सो रहे थे। चोर पीछे वाले घर की छत के रास्ते उनके घर में आए और अंदर वाले कमरे का कुंडा काटकर अलमारी से 29 तोले सोना व दो किलोग्राम चांदी के गहने और 80 हजार की नकदी चोरी कर ले गए। गहनों की कीमत 25 से 26 लाख रुपये है। एक फरवरी की सुबह उठने पर उन्हें चोरी का पता चला।वहीं, चोरों ने नरेंद्र के मकान के पीछे अंश के मकान का ताला तोड़कर काफी सामान चोरी लिया। अंश का मकान बंद रहता है। वह कभी कभार ही यहां आते हैं। अंश ने बताया कि चोर उनके यहां से भी काफी सामान चोरी कर ले गए। कितना नुकसान हुआ, इसकी जानकारी पहुंचने पर होगी।
वहीं, बंटी ने बताया कि उनका परचून का काम है। 31 जनवरी की रात वह घर में ही परिवार के साथ सो रहे थे। सुबह उठने पर उन्हें घर में अंदर वाला कमरा खुला मिला। कमरे में रखा छोटा संदूक चोर छत पर ले गए और पड़ोसी की छत पर संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 11 तोला सोना और सवा किलोग्राम चांदी के गहने व 30 हजार की नकदी चोरी कर ली। गहनों की कीमत करीब 10 लाख रुपये है। 29 जनवरी की रात को भी चोरों ने मसूरी के गांव नूरपुर में तीन घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। एसीपी वेव सिटी लिपि नगायच ने बताया कि इसमें एक ही गिरोह के शामिल होने का संदेह है। जांच शुरू करा दी गई है। जल्द घटनाओं का खुलासा होगा।