गाजियाबाद। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में गणना प्रपत्रों को जमा करने के साथ-साथ मतदाता सूची में नए मतदाताओं को जोड़ने का भी कार्य चल रहा है।
अभी तक जिले में लगभग 35,000 नए मतदाता जुड़ चुके हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने बताया कि पुनरीक्षण अभियान के साथ लगभग छह हजार नए मतदाताओं के आवेदन के बाद का कार्य प्रगति पर है। जिले में फिलहाल कुल 5,908 नए मतदाताओं के फॉर्म पर कार्य हो रहा है। इसमें लोनी के 575, मुरादनगर के 358, साहिबाबाद के 1148, गाजियाबाद के 1439 और मोदीनगर के 2388 के आवेदनों की प्रक्रिया चल रही है।
वहीं, नाम-पता बदलवाने के लिए भी लोगों ने फॉर्म-8 भरने शुरू कर दिए हैं। अभी तक 2937 मतदाताओं ने फॉर्म-8 भरा है जिनके पते बदल गए थे। इसमें लोनी से 780, मुरादनगर से 749, साहिबाबाद से 36, गाजियाबाद से 209 और मोदीनगर से सबसे अधिक 1163 मतदाताओं ने फॉर्म भरा है। अनुपस्थित मतदाताओं की सूची डीएम के एक्स पेज पर
जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि पुनरीक्षण अभियान की तिथि बढ़ने के बाद अनुपस्थित, जिनके पते नहीं मिले और अन्य कारणों से जिनके फॉर्म नहीं भरे जा सके हैं, उनके सत्यापन के लिए दोबारा बीएलओ जाएंगे।
इसके अलावा इनकी सूची को सभी मतदान केंद्रों पर भी चस्पा किया जाएगा और जिलाधिकारी के एक्स पेज पर भी डाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि राजनैतिक संगठनों के बीएलए को भी यह सूची दी गई कि वह अपने स्तर से इनका सत्यापन करके जानकारी दें।
अगर किसी का नाम गलत जुड़ा है या फिर किसी अन्य का नाम कट गया है तो उनको हटाने और जुड़वाने का कार्य किया जाएगा। जिले में शुक्रवार तक 59.68 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन पूरा कर लिया गया है।