गाजियाबाद। रैपिडेक्स ट्रेन में सफर करने का यात्रियों का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। जुलाई में साहिबाबाद से दुहाई तक प्राथमिकता वाले 17 किलोमीटर लंबे खंड का उद्घाटन करने की तैयारी की जा रही है। देश की पहली रैपिडेक्टस ट्रेन में सफर आरामदायक होने के साथ-साथ लोगों के समय की भी बचत होगी। साहिबाबाद से दुहाई तक का सफर कार से 35 मिनट में पूरा होता है, वहीं रैपिडेक्स ट्रेन में महज 12 मिनट में पूरा हो जाएगा। तकरीबन 100 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से यह ट्रेन एलिवेटेड कॉरिडोर पर दौड़ेगी।
दो दिन पहले इस कॉरिडोर पर रेल मंत्रालय और मेट्रो रल सुरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) ने रैपिडैक्स सेवा के परिचालन को स्वीकृति दी है। इसके बाद अब ट्रायल की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और प्रधानमंत्री कार्यालय से उद्घाटन का कार्यक्रम तय होने का इंतजार किया जा रहा है। एनसीआरटीसी ने अब रैपिडेक्स ट्रेन का उसी तरह परिचालन शुरू कर दिया है, जैसे उद्घाटन के बाद किया जाना है। ऐसे में अब इस ट्रेन के सफर करने की अवधि, स्टॉपेज टाइम की अवधि को मॉनीटर किया जा रहा है। दुहाई डिपो से साहिबाबाद स्टेशन तक का सफर यह ट्रेन महज 12 मिनट में पूरा कर लेगी। एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने बताया कि इस 17 के प्राथमिकता वाले खंड में दो स्टेशनों की औसतन दूरी 4.5 से 5 किलोमीटर है। यह ट्रेन एक से दूसरे स्टेशन तक महज 2.5 से तीन मिनट में पहुंच जाएगी। इसमें 30 से 60 सेकंड का स्टॉपेज टाइम भी शामिल है। यानी साहिबाबाद सब्जी मंडी के पास से दुहाई तक का सफर लोग सड़क मार्ग की अपेक्षा महज एक तिहाई समय में पूरा कर लेंगे। लोगों को मेरठ रोड पर मिलने वाले जाम से निजात मिल जाएगी।
सुबह छह से रात 11 बजे तक होगा रैपिडेक्स का संचालन
रैपिडेक्स ट्रेन को मेट्रो से इंटीग्रेट किया गया है। नया बस अड्डा मेट्रो स्टेशन से रैपिडेक्स रेल के स्टेशन को जोड़ा जा रहा है। ऐसे में रैपिडेक्स ट्रेन के संचालन की अवधि भी मेट्रो के हिसाब से तय की गई है। रैपिडेक्स ट्रेन का संचालन मेट्रो रेल के साथ सुबह छह बजे शुरू कर दिया जाएगा और रात 11 बजे तक किया जाएगा।
रैपिडेक्स ट्रेन के ट्रायल की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसके बाद सेफ्टी के साथ-साथ अन्य क्लीयरेंस भी मिल चुकी हैं। अब रैपिडेक्स ट्रेन परिचालन के लिए बिल्कुल तैयार हैं। जल्द ही उद्घाटन की तारीख तय होने की उम्मीद है। - पुनीत वत्स, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, एनसीआरटीसी