गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र में मकान का सौदा कर आरोपियों ने एक व्यक्ति से 32.50 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपियों की ओर से जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि मूल रूप से सीमापुरी (दिल्ली) निवासी आबिद अली ने शिकायत दी है। इसमें बताया है कि वह हिंडन विहार नंदग्राम में किराये के मकान में रहते हैं। उन्होंने मुरादनगर निवासी शेरू से हिंडन विहार स्थित एक मकान खरीदने के लिए 77 लाख रुपये में सौदा किया था।
दोनों पक्षों की सहमति पर इसका बैनामा अप्रैल 2025 में किया जाना तय हुआ था। उनका आरोप है कि शेरू के साथ शाहरुख व खलील ने षड्यंत्र रचकर अलग-अलग तिथियों में उनसे 32.50 लाख रुपये ले लिए, लेकिन तय तिथि पर बैनामा करने नहीं पहुंचे। यह आरोप भी लगाया कि तकादा करने पर आरोपियों ने मकान का बैनामा करने से इन्कार कर दिया। साथ ही रुपये वापस मांगने पर हत्या की धमकी दी।
एसीपी ने बताया कि पीड़ित आबिद की तहरीर पर शेरू, शाहरुख और खलील के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।