बीएसए पर गिरी गाज, लखनऊ अटैच
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। लगातार मिल रही शिकायतों के चलते और अक्सर सुर्खियों में रहने वाले बीएसए के खिलाफ भी शासन ने कार्रवाई की है। शासन ने बीएसए अजीत कुमार को लखनऊ अटैच किया है। बताया जा रहा है कि बीएसए के कार्यकाल में शासन की अंग्रेजी माध्यम के स्कूल संचालित करने समेत अधिकतर योजनाएं विफल रही थी। जिसके चलते बीएसए पर कार्रवाई की गई है।
एक वर्ष पूर्व शासन ने जिले में बेसिक शिक्षा के हालात सुधारने का जिम्मा डॉ. अजीत कुमार को सौंपा था। शासन को उम्मीद थी कि युवा बीएसए शिक्षा के स्तर को सुधारने में कामयाब होंगे, लेकिन बीएसए के आने के बाद जिले में शिक्षा के स्तर में लगातार गिरावट, अवैध वसूली के आरोप, शासन द्वारा अंग्रेजी माध्यम के स्कूल संचालित करने में अपेक्षित सफलता न मिलना, बच्चों को दिए जाने वाले एमडीएम में गड़बड़ी की शिकायतें लगातार शासन को मिल रही थी। शासन ने शिकायतों को गंभीरता से बीएसए के खिलाफ जांच के लिए संयुक्त निदेशक बेसिक ललिता परवीन को जिले में जांच के लिए भेजा था। बता दें कि गत दिनों एडी बेसिक ने जिले में पहुंचकर बीएसए दफ्तर की फाइलें खंगाली थी। विभागीय सूत्रों की मानें तो बीएसए दफतर में काफी गड़बड़ी पाई गई थी। संयुक्त निदेशक बेसिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरी रिपोर्ट शासन को सौंपी थी। जिसके बाद अब शासन ने बीएसए अजीत कुमार को लखनऊ अटैच किया है। जबकि ललितपुर से अमरीश कुमार सिंह यादव को बीएसए के तौर पर नियुक्त किया है।