माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। लॉक डाउन में एक तरफ किसानों के कार्य बंद थे उसके ऊपर से सरकार से मिलने वाली सम्मान निधि भी किसानों तक नहीं पहुंची है। जिले में किसान सम्मान निधि से 27 हजार किसान वंचित हैं। पांच हजार किसान ऐसे हैं जिनके आधार कार्ड से नाम मैच नहीं हो रहे बाकी किसान जिनके सब दस्तावेज सही है उसके बावजूद भी उनको अभी तक लाभ नहीं मिल पाया है। सम्मान निधि योजना की पांचवी किस्त शासन की ओर से जारी कर दी गई है। 26 हजार 759 किसानों के खाते में पीएफएमएस के माध्यम से दो-दो हजार रुपये की राशि भेजी गई है। जबकि जनपद के करीब 60 हजार किसानों ने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया था, जिनमें से करीब पांच हजार किसानों के आवेदन आधार कार्ड के नाम और रजिस्ट्रेशन वाले नाम से मैच नहीं कर रहे थे । करीब 55 हजार किसान ऐसे हैं, जिनके आवेदन सत्यापन में पूरी तरह से सही पाए गए थे। बावजूद इसके 27 किसान ऐसे है जिनके खाते में अभी तक किसान सम्मान निधि योजना की पांचवी किस्त नहीं पहुंची है जबकि शासन की ओर से एक माह पहले ही किसानों के खाते में दो हजार रूपये की राशि पहुंचनी शुरू हो गई थी। योजना के लाभ से वंचित किसान विभाग में शिकायत कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि फसल बुवाई का काम शुरू गया है अगर योजना की राशि मिल जाती तो इससे खेती में थोड़ी मदद हो जाती। जिला कृषि अधिकारी राकेश कुमार मौर्य ने बताया कि जिन किसानों के बैंक खाते में योजना की किस्त नहीं पहुंची है उनके खाते में शासन की ओर से पीएफएमएस के माध्यम से दो-दो हजार रुपए की राशि जल्द ही भेजी जाएगी।