गाजियाबाद। अधिकारियों के तमाम प्रयास और दावों के बावजूद बोर्ड परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन में कई शिक्षक रुचि नहीं ले रहे हैं। सोमवार को भी 10वीं में 251 परीक्षक व 12वीं में 126 परीक्षक गैरहाजिर रहे। जबकि, 10वीं के लिए 896 व 12वीं के 374 शिक्षकों की डयूटी कॉपी जांचने के लिए लगाई गई थी। ऐसे में समय पर मूल्यांकन का पूरा कराना अधिकारियों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
बोर्ड ने 10वीं के लिए सेठ मुकंदलाल कॉलेज और 12वीं के लिए शंभूदयाल कॉलेज में केंद्र बनाया है। परीक्षकों की कम संख्या होने की वजह से सोमवार को 10वीं की मात्र 20424 व 12वीं की मात्र 9348 काॅपी जांची जा सकीं। 10वीं की अभी 129965 व 12वीं की 79669 काॅपी जांचने से शेष रह गई हैं। डीआईओएस राजेश श्रीवास ने बताया कि परीक्षकों से बात हुई है। निश्चित ही मूल्यांकन का काम निर्धारित अवधि में पूरा किया जाएगा। गैरहाजिर रहने वाले शिक्षकों काे चेतावनी दी गई। बिना किसी ठोस कारण यदि वह उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।