खोड़ा। नगरपालिका परिषद में पेयजल की समस्या दूर करने के लिए नौ वाड़ों में 23.9 करोड़ रुपये की लागत से पाइप लाइन बिछाकर पानी की आपूर्ति की जाएगी। इससे खोड़ा के करीब सवा चार लाख लोगों की पानी की किल्लत दूर हो जाएगी। नगर पालिक की टेंडर प्रक्रिया शुरू होने के बाद से ही निवासियों में खुशी है। चूंकि यह नौ वार्ड ऐसे हैं जहां पर बोरिंग से भी पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। निवासियों को गंदा पानी पीना पड़ रहा था। योजना के तहत नलकूपों से पानी लेकर उसे अंडरग्राउंड टैंक में संग्रहित करके पाइपलाइन से घर-घर आपूर्ति की जाएगी।
दरअसल, खोडा में लंबे समय से लोग पेयजल को लेकर परेशान चले आ रहे है। लगातार पाइप लाइन की मांग करते हुए अफसरों से लेकर जन प्रतिनिधियों तक के चक्कर लगाए जा रहे थे। लेकिन अब निवासियों की मेहनत रंग लाने वाली है। चूंकि जहां सबसे खराब स्थिति थी ऐसे ही नौ वार्डों को चिंहित करके उनमें टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। पाइप लाइन बिछने से सवा चार लाख लोगों को राहत मिल सकेगी। नगर पालिका की योजना है कि उक्त वार्डों में काम होने के बाद शेष वार्डों में पाइप लाइन बिछाने की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा।
नगरपालिका अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार ने बताया कि दो बार टेंडर निकाला गया था। छह वार्डों में पाइप लाइन बिछाने और अंडरग्राउंड टैंक बनाने के लिए लगभग 17.21 करोड़ का टेंडर निकाला गया। इसके बाद तीन वार्डों के लिए दोबारा सात करोड़ का टेंडर निकाला गया है। टेंडर प्रक्रिया को इसी माह पूरा करने की योजना है। इसके बाद अप्रैल में निर्माण कार्य शुरू कराने पर जोर दिया जाएगा। ताकि जल्द से जल्द लोगों की पानी की समस्या का समाधान किया जा सके। अवर अभियंता नवनीत गुप्ता ने बताया कि पेयजल परियोजना के संबंध में जिलाधिकारी के साथ भी वार्ता कर मार्गदर्शन लिया जा रहा है। गर्मी को देखते हुए तेजी से काम किया जा रहा है।
-