21 जून को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में परीक्षा के लिए कुल 22 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार नीट की परीक्षा रद्द होने के बाद अब सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। परीक्षार्थियों की प्रवेश से पहले सघन जांच की जाएगी तथा बिना वैध प्रवेश पत्र और पहचान पत्र के किसी को भी केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी है, ताकि सुरक्षा जांच और अन्य औपचारिकताओं के कारण किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही अभिभावकों से भी परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की गई है। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।