पहली बार बैलेट पेपर से आरडब्ल्यूए का चुनाव, पीयूष गर्ग बने अध्यक्ष
गाजियाबाद। निर्वाचन आयोग की तर्ज पर पहली बार राजनगर की रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) का चुनाव कराया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच सोसायटी में रहने वाले रेजिडेंट्स ने चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लिया। देर शाम घोषित नतीजों में पीयूष गर्ग ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने तीन अन्य प्रत्याशियों को बड़े अंतर से हराया। पीयूष गर्ग ने 815 मतों के अंतर से अपने प्रतिद्वंद्वी को हराया है। पीयूष को 986 मत मिले, जबकि दूसरे स्थान पर रहे विजय लुंबा को महज 171 मतों से संतोष करना पड़ा।
मुख्य चुनाव अधिकारी वीके पंवार (सेवानिवृत्त आईएएस) ने बताया कि पहली बार राजनगर में निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित होने वाली चुनाव प्रक्रिया की तरह ही आरडब्ल्यूए का चुनाव हुआ है। इसके लिए सोसायटी ने बैलेट पेपर, मोहर, वोटर लिस्ट, बूथ एजेंट बनाए थे। उन्होंने बताया कि चार मार्च को 10 प्रत्याशियों ने राजनगर के कुल 15 सेक्टर, दो अन्य हाउसिंग सोसायटी समेत 17 जगहों के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया था। हालांकि उसी दिन छह प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया था, जिसके बाद अध्यक्ष पद पर पीयूष गर्ग, रेखा अग्रवाल, विजय लुंबा और मधु चौधरी ही चुनाव मैदान में थे।
रविवार को हुए मतदान के लिए कुल 2800 लोग मतदाता सूची में थे, जिनमें से 1241 लोगों ने वोट किया। देर शाम हुई गिनती के बाद चुनाव के नतीजे की घोषणा की गई। तीन प्रत्याशियों को हराकर पीयूष गर्ग आरडब्ल्यूए के नए अध्यक्ष चुने गए हैं। जो आने वाले दिनों में आरडब्ल्यूए के अन्य पदाधिकारियों के चयन में शामिल रहेंगे।