अस्पताल में स्टाफ की कमी, मरीज रहे परेशान
गाजियाबाद। दो दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंचे लेकिन स्टाफ की कमी के कारण मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ी। सोमवार को जिन-जिन स्टाफ की चुनावी ड्यूटी लगी थी, वह सब छुट्टी पर रहे, जिससे एक्सरे, दवा वितरण, ईसीजी सहित पैथोलॉजी जांच प्रभावित रही।
सोमवार को एमएमजी अस्पताल में 1600 से अधिक मरीज पहुंचे, वहीं संयुक्त जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या 1100 के आसपास रही। संयुक्त अस्पताल में चुनावी ड्यूटी में गए एक्सरे टेक्नीशियन की छुट्टी रही लेकिन ट्रॉमा सेंटर में तैनात एक्सरे टेक्नीशियन से काम चलाया गया। इसके अलावा दोनों अस्पतालों के टेक्नीशियन भी छुट्टी पर रहे, जिसकी वजह से जांचें प्रभावित रहीं। इसके अलावा फार्मासिस्ट की कमी के कारण इंटर्न और रिजर्व स्टाफ द्वारा दवा वितरित कराया गया। महिला अस्पताल में भी एक फार्मासिस्ट से काम चलाया गया। सुरक्षाकर्मियों की छुट्टी के कारण ओपीडी में मरीजों को संभालने में परेशार्नी आई। संयुक्त जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. दिनेश शर्मा ने बताया कि चुनावी ड्यूटी वाले स्टाफ छुट्टी पर थे लेकिन अन्य स्टाफ के जरिए काम चलाया गया। मंगलवार से अस्पताल की व्यवस्थाएं सुचारु हो जाएंगी।