29 हजार किसानों को नहीं
मिलेगा कर्ज माफी का लाभ
- अब तक 13 हजार किसान मिले पात्र, छह हजार और किसानों के शामिल होने की संभावना
- जिले के करीब 90 हजार किसान उठा चुके हैं एक लाख रुपये तक के कर्ज माफी का लाभ
- जिले में कर्ज माफी के लाभ से वंचित 48 हजार किसानों ने की थी ऑनलाइन शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। यूं तो कर्ज माफी योजना के लाभ से वंचित 48 हजार किसानों ने ऑनलाइन शिकायतें की हैं, लेकिन इनमें से करीब 29 हजार किसानों को इसका लाभ नहीं मिलेगा। कारण, शिकायतों के बाद अभी तक 13 हजार किसान ही पात्र मिले हैं। अफसर कुछ दिनों में करीब छह हजार और ऐसे किसानों के शामिल होने की संभावना जता रहे हैं। इस तरह से यह आंकड़ा 19 हजार तक पहुंचने की संभावना है।
प्रदेश सरकार की ओर से किसानों की कर्ज माफी की योजना का जिले के करीब 90 हजार किसान एक लाख रुपये तक के कर्ज माफी का लाभ उठा चुके हैं। शासन के आदेश पर जिला स्तर पर कई चरणों में किसानों को कर्ज माफी का लाभ दिया गया। मगर, किसानों की शिकायतें आने लगी कि वह इस योजना से वंचित रह गए। ऐसे में सरकार ने वंचित किसानों से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाने का मौका दिया था। जिले के करीब 48 हजार किसानों ने अपनी शिकायत दर्ज करवाकर कर्ज माफी का लाभ न मिलने की बात कही। इन शिकायतों को तहसील और बैंक स्तर से निस्तारण का काम शुरू हुआ तो 13 हजार किसान पात्र पाए गए हैं, जबकि अफसर अभी करीब छह हजार और किसानों के शामिल होने की संभावना जता रहे हैं। वहीं, यह शिकायत अफसरों के लिए जी का जंजाल बनी हुई हैं और डीएम के आदेश के बावजूद भी काम समय पर पूरा नहीं हो सका। शिकायत अधिक होने के कारण अधिकारियों को पात्र किसानों का पता लगाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके अफसरों का कहना है कि यह काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
बैंकों की गलती से अधिकतर किसान कर्ज माफी से रहे गए वंचित
जिस समय कर्ज माफी के लाभ से वंचित किसानों से शिकायत दर्ज करवाई जा रही थी तो उस समय अफसरों को लग रहा था कि इस योजना के पात्र दो से तीन हजार किसान ही होंगे। मगर, अब बड़ी संख्या में पात्र किसानों के नाम सामने आने पर बैंकों पर सवाल उठने लगे हैं। अफसरों का कहना है कि इस कार्य में बैंकों की गलती से अधिकतर किसान कर्ज माफी से वंचित रह गए। यदि उस समय बैंक सजगता दिखाते और अपनी साख बचाने का प्रयास नहीं करते तो पात्र किसानों को अब तक कर्ज माफी का लाभ मिल चुका होता।
कर्ज का लाभ लेने के बाद भी 311 किसानों ने कर दी शिकायत
बुलंदशहर। कर्ज माफी का लाभ लेकर भी जिले के 311 किसानों ने दोबारा ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवा दी। इसका खुलासा शिकायतों की चल रही जांच में हुआ। अफसरों का कहना है कि इन किसानों ने दोबारा शिकायत कर परेशानी बढ़ा दी है। बताया गया कि प्राप्त हुई किसानों की शिकायत की जब जांच शुरू हुई तो 311 ऐसे किसान का नाम सामने आया जो कर्ज माफी का लाभ ले चुके हैं। किसानों से पहले ही कहा गया था कि वही पात्र किसान ही अपनी शिकायत करें, जो कर्ज माफी के लिए जारी किए गए नियमों को पूरा करते हैं। इतना ही नहीं, उन किसानों ने भी शिकायत दर्ज करवाई, जो कर्ज माफी के पात्र नहीं हैं।
इस माह के अंत तक किसानों को मिल जाएगी कर्जमाफी की राशि
जिला कृषि अधिकारी अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि कर्जमाफी की जिले के किसानों की मिली 48 हजार शिकायतों में से अब तक करीब 28 हजार शिकायतों की जांच हो चुकी है। इनमें 13 हजार किसान ही पात्र पाए गए हैं। अभी करीब 20 हजार शिकायतों की जांच शेष रह गई है और यह काम लगभग सात मई तक पूरा कर लिया जाएगा। पात्र किसानों की सूची कर इसके बाद उनके कर्जमाफी की डिमांड सरकार के पोर्टल पर जनरेट की जाएगी। सरकार को डिमांड जनरेट मिलने के बाद पात्र किसानों की कर्जमाफी की राशि संबंधित बैंकों को उपलब्ध करवा दी जाएगी। उन्होंने संभावना जताई कि यह कार्य इसी माह के अंत तक पूरा हो जाएगा।
कोट----
कर्ज माफी की अधिक शिकायत, दोबारा शिकायत दर्ज करने और अपात्र किसानों द्वारा की गई शिकायतों ने काम बढ़ाने के साथ परेशानी बढ़ा दी है। यही कारण है कि यह काम समय पर नहीं हुआ। प्रयास किया जा रहा है कि जल्द ही पात्र किसानों की सूची तैयार कर, उन्हें योजना में शामिल कर लिया जाए। - अश्वनी कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी, बुलंदशहर