बुलंदशहर के खुर्जा में नेशनल हाईवे पर 91 पर अरनिया थाना इलाके में दशहरा गांव के पास घने कोहरे के चलते दूसरे दिन भी बड़ा हादसा हो गया। कोहरे में एक साथ 20 से 22 वाहन भिड़ गए। इसमें दस लोग घायल हो गए हैं, जिनको स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
अलीगढ़ की ओर से आ रही अल्टो गाड़ी कोहरे के कारण दशहरा गांव के पास डिवाइडर में टकरा गई। इसके बाद इसके पीछे आ रही स्विफ्ट डिजायर गाड़ी आल्टो से टकराई और घूम गई। इसके बाद रोडवेज बस स्विफ्ट डिजायर गाड़ी के ऊपर चढ़ गई।
लगातार वाहन आपस में टकराते चले गए। करीब 30 मिनट में 20-22 वाहन की भिड़ंत हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि वाहनों में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। वहीं पुलिस को सूचना दी गई, मौके पर पुलिस की तीन गाड़ियां पहुंची। जिन्होंने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
अरनिया थाना प्रभारी का कहना है कि सभी वाहनों की रफ्तार कम होने की वजह से कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है। अधिकांश वाहन वहां से रवाना कर दिए गए हैं। ज्यादा क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करवा दिया गया है।