दिल्ली सीलमपुर से व्यापारियों से तगादा कर रूपये लेकर लौट रहे मुरादनगर निवासी स्क्रैप कारोबारी फरमान से बाइक सवार तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर 44 लाख रूपये लूट लिए। वारदात के बाद बदमाशों की बाइक स्टार्ट नहीं हुई तो मौके से गुजर रहे मोरटी निवासी भूपेश से स्कूटी लूटकर फरार हो गए।
फरमान अपने दोस्त आसिफ के साथ मुरादनगर लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि जानकारी करने पर फरमान ने बताया सोमवार शाम साढ़े पांच बजे दिल्ली से चले थे। करीब साथ बजे वह राजनगर एक्सटेंशन पहुंचे। जाम की स्थिति को देखते हुए मोरटी कट से भट्टा नंबर पांच की ओर से जाने लगे।
कच्चे रास्ते पर पहुंचते से पीछे से आए एक बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। एक बदमाश ने हथियार से चालक की ओर का शीशा तोड़ दिया और पैसे मांगने लगा। वहीं दूसरा बदमाश दूसरी ओर आया और दरवाजा खोलकर आसिफ के घुटने में तमंचे की बट मारी। गोली मारने की धमकी देकर बदमाश पैसों से भरा बैग लूटकर भाग गए।
डीसीपी नगर जोन निपुण अग्रवाल ने बताया कि मामले में चार टीम का गठन कर दिया गया। मामले की जांच की जा रही है। जल्द घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।