नगर निगम के अफसरों पर रिपोर्ट दर्ज
गाजियाबाद। नाले में डूबकर हुई चार साल के बच्चे की मौत के मामले में परिजनों ने नगर निगम अधिकारी और कर्मचारियों पर लापरवाही व गैर इरादतन हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, देर रात को ही बच्चे का पोस्टमार्टम कराया गया। सुबह परिजनों ने बच्चे के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
रविवार शाम गुलजार कालोनी निवासी राशिद अब्बासी के बेटे आहिल अब्बासी (4) की नाले में गिरकर डूबने से मौत हो गई थी। देर शाम उसका शव नाले से बरामद हुआ तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा, उन्होंने नया बस अड्डे के पास जीटी रोड जाम कर दी थी। पुलिस ने लाठीचार्ज कर जाम खुलवाया था। देर रात घंटाघर कोतवाली पुलिस ने बच्चे के पिता राशिद अब्बासी की तहरीर पर नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि परिजनों की ओर से किसी को नामजद नहीं कराया गया है। सीओ सिटी मनीषा सिंह का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है।
--
जाम लगाने वालों पर भी दर्ज होगी रिपोर्ट
बच्चे की मौत से गुस्साए परिजनों और कालोनी के लोगों ने रविवार देर शाम को करीब दो घंटे तक जीटी रोड जाम रखा था। इसकी वजह से शहरभर का ट्रैफिक बाधित हो गया था। पुलिस के समझाने पर भी जाम नहीं खोला गया था। अब पुलिस जाम लगाने वालों पर भी रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर रही है। पुलिस ने जाम के दौरान वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई थी।