फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जाम में जकड़ा शहर

विज्ञापन
विज्ञापन
दोपहर से रात तक जाम ही जाम
विज्ञापन


गाजियाबाद। शहरवासियों को रविवार को दोपहर से लेकर रात तक जाम से जूझना पड़ा। दोपहर के समय जगन्नाथ रथयात्रा तो रात को शादियों की वजह से सड़कें जाम रहीं। इसका असर गली-मुहल्लों की सड़कों तक भी रहा। कई घंटों तक वाहन रेंगते नजर आए। इस दौरान वाहन चालकों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को भी जाम खुलवाने में मशक्कत करनी पड़ी।
रविवार दोपहर 1:15 बजे हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा के बाद नवयुग मार्केट से भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। इस दौरान हापुड़ रोड पर एक तरफ के ट्रैफिक का संचालन बंद कर दिया गया, इसकी वजह से लंबा जाम लग गया। यह यात्रा मीनामल की धर्मशाला, हापुड़ मोड़, ठाकुर द्वारा मंदिर, दिल्ली गेट से निकली तो पूरा कलक्ट्रेट रोड जाम हो गया। बस अड्डा और राजनगर फ्लाईओवर पर भी वाहनों की लंबी कतार लग गईं। इस दौरान पुराने बस अड्डे से नए बस अड्डे की ओर जाने वाले वाहनों को न्यू आर्य नगर तिराहे होते हुए भेजा गया। इसके बाद डासना गेट, चौपला मंदिर, अंबेडकर रोड, मालीवाड़ा चौक इंग्राहम इंस्टीट्यूट, नेहरू नगर और राजनगर में विभिन्न मार्गों से यात्रा निकली। जहां-जहां यात्रा पहुंची वहां का ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया। इसकी वजह से जाम लग गया। यात्रा राजनगर स्थित इस्कॉन मंदिर पर समाप्त हुई। शाम तक विभिन्न मार्गों पर जाम रहा।
विज्ञापन

उधर, शाम को थोड़ी देर के लिए राहत रही, लेकिन शहर में कई शादियों की वजह से रात को फिर अधिकांश मार्गों पर जाम लग गया। बैंड-बाजा और बारात ने ट्रैफिक व्यवस्था को बिगाड़ दिया। जीटी रोड, मेरठ रोड, गोविंदपुरम, कविनगर औद्योगिक क्षेत्र के साथ-साथ टीएचए के अधिकांश क्षेत्रों में फार्म हाउस में शादियों की वजह से सड़क जाम रहीं।
विज्ञापन

--
हाईवे पर भी यात्रियों की फजीहत, पांच किमी लंबा जाम
मुरादनगर/मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ हाईवे पर रविवार को भीषण जाम रहा। करीब पांच किमी लंबे जाम में फंसे वाहन हाईवे पर दिनभर पर रेंगते रहे। जाम का मुख्य कारण रावली रोड तिराहा, सीएचसी, बंबा रोड, उखलारसी और जलालपुर के अवैध कट रहे। उधर, मोदीनगर में मोदी मंदिर से महेंद्रपुरी कट तक पांच किमी लंबा जाम लगा रहा। रावली रोड तिराहे पर रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे लगना शुरू हुआ। कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसके बाद सीएचसी, बंबा रोड, उखलारसी और जलालपुर कट पर जाम लगना शुरू हुआ। करीब पांच किमी लंबे जाम में फंसे वाहन हाईवे पर दिनभर रेंगते रहे। विपरीत दिशा से वाहन आने पर हालात और अधिक बिगड़ गए। इसके चलते हाईवे के दोनों ओर जाम लग गया। दिनभर यात्री जाम से जूझते रहे, लेकिन पुलिस जाम खुलवाती कहीं नजर नहीं आई। जाम के कारण दस मिनट की दूरी तय करने पर एक घंटे से अधिक समय लग रहा था। एंबुलेंस समेत कई वीआईपी गाड़ियां भी जाम में फंसी नजर आई। एसओ रनवीर सिंह यादव का कहना है कि रविवार को वाहनों की अधिकता और कटों के कारण हाईवे पर जाम लगता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें