बकाएदारों के खिलाफ आज से शुरू होगा अभियान
गाजियाबाद। जीडीए की ओर से छोटे और बड़े बकाएदारों से वसूली की कार्रवाई फिर से शुरू होगी। नई कार्ययोजना के तहत सोमवार से बकाया वसूली अभियान तेज होगा। जीडीए के रडार पर पहले 50 बड़े ऐसे बकाएदार हैं, जिन पर 20 लाख रुपये से अधिक बकाया है। वहीं, 20 लाख के कम के करीब 2500 बकाएदार भी जीडीए के निशाने पर हैं।
पहले जीडीए की ओर से नए सिरे से नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जाएगी। फिर नोटिसों का जवाब न देने व बकाया वसूली में रुचि नहीं दिखाने वालों को डिफॉल्टर की श्रेणी में रख सीलिंग की कार्रवाई भी शुरू की जाएगी। लोकसभा चुनावों के चलते वसूली अभियान पर ब्रेक लगा हुआ था। जीडीए उपाध्यक्ष के सभी जोन के प्रवर्तन अधिकारी नए सिरे से वसूली अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। जीडीए के रडार पर पहले बड़े बकाएदार हैं। फिर छोटे बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलेगा। प्राधिकरण की योजना वसूली अभियान को तेज कर अपना खजाना भरने की है। चुनाव आचार संहिता के चलते नए कामों पर ब्रेक होने के कारण जीडीए का मुख्य फोकस बकाया वसूली पर है। जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा ने बताया कि सभी प्रवर्तन जोन प्रभारियों को बकाया वसूली प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।