स्वाइन फ्लू से मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
स्वाइन फ्लू से हापुड़ की महिला की मौत और गाजियाबाद में दो संदिग्ध मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। हालांकि इस बार डेंगू-चिकगनुनिया के मौसम में स्वाइन फ्लू के मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग पहले ही सतर्क है। इसे देखते हुए अस्पताल के संपूर्ण स्टाफ का वैक्सीनेशन भी कराया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में बेमौसम स्वाइन फ्लू के मरीज लगातार मिल रहे हैं। मई के पहले सप्ताह में दिल्ली और नोएडा में कई स्वाइन फ्लू के मरीज थे, जिसमें गाजियाबाद के मरीज भी शामिल थे।
अब दो और संदिग्ध मामले सामने आए हैं। डीएमओ जीके मिश्रा ने बताया कि स्वाइन फ्लू से बचाव एकमात्र उपाय है। समय पर इलाज मिल जाए तो मौत की संभावना नहीं रहती है। जिला अस्पतालों के साथ ही सीएचसी-पीएचसी में स्वाइन फ्लू की दवाओं का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।