1800 श्रमिकों ने शेयर नहीं की बैंक डिटेल - 2600 के गलत मिले मोबाइल नंबर - कोविड-19 के तहत दी जानी थी 1000 रूपए की सहायता - श्रम विभाग करीब 22 हजार श्रमिकों के खातों में पहुंचा चुका है मदद माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। कोरोना के दौरान श्रमिकों को एक हजार रुपये मदद देने की प्रदेश सरकार की योजना से कई श्रमिक वंचित भी रह गए हैं। श्रम विभाग के मुताबिक कई श्रमिकों के मोबाइल नंबर गलत दर्ज हैं तो कई ने अपनी बैंक डिटेल नहीं दी। ऐसे में करीब 4400 श्रमिक योजना का लाभ लेने से वंचित रह गए हैं। श्रम विभाग में पंजीकृत 27 हजार श्रमिकों को प्रदेश सरकार की योजना के तहत एक हजार रुपये दिए जाने हैं। करीब 22000 हजार श्रमिकों के खातों में योजना के तहत एक महीने की राशि भेजी जा चुकी है। मई के भुगतान की प्रक्रिया अब शुरू होगी। विभाग की नवयुग मार्केट स्थित बैंक ब्रांच में कोरोना मरीज मिलने के बाद से ब्रांच बंद थी। इस वजह से मई माह के भुगतान में देरी हुई। अब ब्रांच खुलने के बाद प्रक्रिया फिर शुरू होगी। अधिकारियों का कहना है कि सरकार से योजना की रकम विभाग के खाते में आ चुकी है। --- शेयर नहीं कर रहे बैंक डिटेल: उपायुक्त श्रम विभाग राजेश मिश्रा ने बताया कि 1800 श्रमिकों ने लाख समझाने के बाद भी अपना खाता नंबर नहीं दिया। जबकि 2600 श्रमिक ऐसे हैं, जिनके मोबाइल नंबर बंद हैं या गलत दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इन श्रमिकों से लगातार संपर्क किया जा रहा है।