कौशांबी। थानाक्षेत्र के भोवापुर में किराना दुकान चलाने वाले मनोज प्रसाद के दो बैंक खाते से साइबर ठगों ने 1.70 लाख रुपये निकाल लिए। मनोज का कहना है कि उन्होंने दुकान पर लगे पेटीएम साउंड बॉक्स के रीचार्ज के लिए गूगल से नंबर सर्च कर फोन किया था। साइबर ठग ने खाते से रकम 24 जून को निकाली थी। उन्होंने इसकी शिकायत साइबर हेल्पलाइन पर की थी। ऑनलाइन शिकायत को थाने तक पहुंचने में एक माह लग गया। 19 जुलाई की रात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दर्ज मुकदमे में मनोज प्रसाद ने बताया कि उनकी दुकान पर पेटीएम साउंड बॉक्स लगा है। उन्होंने अपना पेटीएम रिचार्ज करने के लिए ऑनलाइन सर्च किया था। इसके बाद ऑनलाइन मिले निर्देशों का पालन करते हुए अपने खातों की जानकारी भर दी। इसके बाद उनके पीएनबी बैंक खाते से पहली बार में 70 हजार रुपये और एसबीआई बैंक खाते से एक लाख रुपये कट गए। उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत की। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि ऑनलाइन शिकायत होने के बाद शिकायत नंबर जनरेट होता है जो संबंधित थाने में ऑनलाइन ही ट्रांसफर होता है। थाने में शिकायत पहुंचते ही पीड़ित का मुकदमा दर्ज कर लिया गया था।