50 साल तक पंचायत से संसद तक जीत की सोच करें विकसित
गाजियाबाद। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं को आगामी 50 वर्षों तक पंचायत से संसद तक सफलता पाने की सोच विकसित करनी होगी। इसके लिए 11 करोड़ कार्यकर्ताओं को निजी काम छोड़कर देश के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर हर कार्यकर्ता ने अब तक समर्पण से काम किया है, तभी पार्टी ने देश के 22 राज्यों में भगवा लहराया है, लेकिन जीत के बाद जिम्मेदारी और बढ़ गई है। शाह गाजियाबाद में आयोजित महिला मोर्चा के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
करीब 40 मिनट के भाषण में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता अपने प्रदेश में इतना काम करें कि पड़ोसी प्रदेश में उसकी खुशबू जाए। सरकार ने 116 जनहित योजनाओं को लाकर निचले स्तर तक काम किया, जिनका गरीब तबके के लोगों को सीधा लाभ मिला। विपक्ष पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी पूछते हैं कि आपने क्या किया। हम पूछना चाहते हैं कि 50 वर्षों तक आपने क्या किया? भाजपा सरकार ने हर व्यक्ति को बैंक खाता, महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए उज्ज्वला योजना, 18 हजार गांवों को बिजली, महिलाओं के लिए शौचालय बनाकर सम्मान से जीने का अवसर दिया है।