पूरी हुई तैयारी, अब मतगणना की बारी
सबहेड
मतगणना शुरू होने में 24 घंटे बाकी, लोनी के लिए लगे सबसे अधिक 134 टेबल
- मतगणना केंद्रों की कराई जाएगी वेब कास्टिंग
अमर उजाला ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर निकाय चुनाव की मतगणना शुरू होने में करीब 24 घंटे शेष रह गए हैं। जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतगणना कराने को कमर कस ली है। मतगणना स्थल पर टेबल लगा दिए गए हैं जबकि सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस फोर्स की मौजूदगी के साथ ही प्रत्येक मतगणना केंद्र की वेब कास्टिंग होगी। इससे निर्वाचन आयोग की साइट पर मतगणना केंद्र का हाल लाइव देखा जा सकेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी रितु माहेश्वरी ने बताया कि मतगणना के लिए 4 केंद्र बनाए गए हैं। नगर निगम गाजियाबाद नगर पालिका परिषद खोड़ा और नगर पंचायत डासना की मतगणना मंडी परिसर गोविंदपुरम में की जाएगी जबकि नगर पालिका परिषद लोनी की मतगणना लोनी इंटर कालेज लोनी और नगर पालिका परिषद मोदीनगर व मुरादनगर की मतगणना आदर्श कन्या इंटर कालेज मोदीनगर एवं नगर पंचायत पतला, निवाड़ी फरीदनगर की मतगणना सामुदायिक केंद्र मोदीनगर मे होगी। उन्होंने बताया कि नगर निगम मतगणना दल में एक मतगणना सुपरवाइजर दो मतगणना सहायक और एक अतिरिक्त मतगणना सहायक तैनात किया गया है। अन्य निकायों में एक मतगणना सुपरवाइजर तीन मतगणना सहायक एवं एक अतिरिक्त मतगणना सहायक की ड्यूटी लगाई गई है। डीएम ने बताया कि प्रत्येक निर्वाचन अधिकारी को एक-एक वीडियो कैमरा दिया जाएगा, जिससे वेब कास्टिंग होगी। नगर निगम में एक मेज पर 25 चक्र आएंगे और अन्य निकायों में सात चक्र में मतगणना परिणाम आएगा। मोदीनगर, मुरादनगर ,खोड़ा, डासना, निवाडी पतला तथा फरीदनगर में पांच चक्र में मतगणना संपन्न होगी। मतगणना की तैयारी का जायजा लेने के लिए बुधवार को डीएम रितु माहेश्वरी एडीएम ई ज्ञानेंद्र सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एचएन सिंह ने निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने मतगणना स्थल की सुरक्षा के साथ ही पार्किंग स्थल का जायजा लिया।
इनसेट
मतगणना के लिए कहां कितने लगाए जाएंगे टेबल
नगर निगम गाजियाबाद - 94
नगर पालिका परिषद मोदीनगर - 52
नगर पालिका परिषद मुरादनगर -50
नगर पालिका परिषद लोनी-134
नगर पालिका परिषद खोड़ा -84
नगर पंचायत
पतला-4
निवाड़ी - 4
फरीद नगर - 6
डासना -17
------------------
फोटो है
मधुमक्खियों ने एजेंटों को दौड़ाया
गाजियाबाद। विकास भवन परिसर में मधुमक्खियों ने प्रत्याशियों के एजेंटों को खूब दौड़ाया। बुधवार को मतगणना के लिए सभी प्रत्याशियों के एजेंट बनाए जा रहे थे। विकास भवन के सभागार एजेंट बनाने के लिए फार्म वितरित हो रहे थे। उसी दौरान परिसर में मौजूद मधुमक्खी के छत्ते पर किसी ने पत्थर मार दिया। इसके बाद पूरे परिसर में मधुमक्खियां भिनभिनाने लगीं। मधुमक्खियों के डर से वहां मौजूद एजेंटों की भीड़ में अफरातफरी मच गई। मधुमक्खी के डर से हर कोई इधर-उधर भागने लगा। कोई किसी अधिकारी के कमरे में घुसा तो कोई कर्मचारियों के कमरे में। एजेंट अपना फार्म छोड़कर जान बचाने को इधर-उधर दौड़ने लगे। गनीमत यह रही कि मधुमक्खियों ने किसी को काटा नहीं। करीब आधे घंटे बाद मधुमक्खी शांत हुई तो दुबारा एजेंट वहां अपना-अपना पास बनाने पहुंचे।