खेत पर गईं दो किशोरियों को अगवा कर गैंगरेप
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात खेत पर गईं दो किशोरियों को गांव के ही पांच युवकों ने अगवा कर एक स्कूल में ले जाकर गैंगरेप किया। दरिंदगी के बाद दोनों किशोरियों को सलेमपुर थाना क्षेत्र के जंगल में फेंककर भाग गए।
पुलिस ने एक लड़की के पिता की तहरीर पर पांच युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही पीड़िताओं को मेडिकल के लिए भेज दिया है। पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि शनिवार रात 14-15 साल की दो किशोरी जंगल में शौच के लिए गई थीं।
रास्ते में गांव के ही कार सवार पांच युवकों ने अगवा कर लिया। आरोपियों ने दोनों को नशीली चीज खिला दी। आरोपी किशोरियों को नशे की हालत में गांव के बाहर एक स्कूल में ले गए, जहां पांचों ने दोनों के साथ रेप किया।
इसके बाद आरोपी दोनों पीड़ितों को सलेमपुर थाना क्षेत्र के जंगल में फेंककर भाग गए। पीड़ित किशोरियों ने पुलिस को बताया कि होश आने पर वह गांव के बाहर एक मंदिर में पहुंचीं और पूरी रात वहीं गुजारी।
सुबह होने पर उन्होंने मंदिर के पुजारी को पूरी घटना बताई और घर पहुंचाने की गुहार लगाई। किशोरियों की व्यथा सुनकर मंदिर के पुजारी ने दोनों को उनके घर पहुंचाया।
आप बीती सुनकर परिवार के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और पूरे मामले की जानकारी बड़े अधिकारियों को दी।
कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों किशोरी आपस में रिश्तेदार हैं। दोनों में मौसी-भांजी का रिश्ता है। एक किशोरी के पिता की तहरीर पर पांच युवक फतह, ग्यासुद्दीन, रहीस, सोहिल व कमरू के खिलाफ गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
दोनों को मेडिकल के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित किशोरियां व आरोपी एक विशेष वर्ग से ताल्लुक रखते हैं। वहीं, एसएसपी मुनिराज जी. का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।