पॉलिथीन रोकने को जूट का थैला मंगाया, प्लास्टिक की पैकिंग में आया
गाजियाबाद। पॉलिथीन का इस्तेमाल रोकने के लिए वैशाली की एक महिला ने ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी से जूट का थैला मंगाया, लेकिन वह भी प्लास्टिक और थर्मोकोल की पैकिंग में पहुंचा। इससे दुखी महिला बुधवार को पैकिंग का पूरा सामान लेकर नगर निगम मुख्यालय नगरायुक्त से शिकायत करने पहुंची। उन्होंने शहर को गंदा करने वाली ऑनलाइन कंपनियों पर कार्रवाई की मांग की। नगरायुक्त ने उनकी शिकायत पर कर्नाटक की ऑनलाइन कंपनी को नोटिस भेजकर 50 हजार का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए हैं।
वैशाली सेक्टर-4 की रहने वाली महिला अनुभा जैन ने बताया कि होम सेंटर नाम के शॉपिंग पोर्टल पर उन्होंने एक जूट का बैग ऑर्डर किया, ताकि प्लास्टिक बैग का इस्तेमाल न किया जाए। उन्होंने बताया कि कंपनी ने जूट का बैग भेजा, लेकिन उसे प्लास्टिक बैग, थर्मोकोल और गत्ते की पैकिंग में भेजा गया। इसी तरह किचन के लिए कंटेनर मंगाए गए तो वह भी प्लास्टिक और गत्ते की पैकिंग में भेजा गया। अनुभा जैन ने इसकी शिकायत नगर आयुक्त दिनेश चंद्र सिंह से की। अनुभा जैन का कहना है कि गाजियाबाद में ऑनलाइन कंपनियां प्रतिदिन हजारों की संख्या में ऑर्डर डिलीवर करती हैं। यूपी में प्लास्टिक और पॉलिथीन प्रतिबंधित हो जाने के बाद एक तरफ नगर निगम अभियान चला रहा है, दूसरी तरफ यह कंपनियां गाजियाबाद में प्लास्टिक वेस्ट भेज रही हैं।
कोट
कंपनी के बिल से उत्पाद को डिलीवर करने वाली कंपनी का नाम और पता ले लिया गया है। हुबली, कर्नाटक की कंपनी लैंडमार्क ऑनलाइन इंडिया प्रा.लि. नाम की कंपनी को नोटिस भेजा जा रहा है। उस पर प्रतिबंधित प्लास्टिक को गाजियाबाद में भेजने के लिए 50 हजार का जुर्माना भी लगाया जाएगा। - दिनेश चंद्र, नगरायुक्त