ऑटो में पीसीएस अधिकारी के बैग से उड़ाए 38 हजार
साहिबाबाद। मोहन नगर से शालीमार गार्डन जा रहे ऑटो में बैठे पीसीएस अधिकारी के बैग से 38 हजार रुपये चोरी हो गए। ऑटो से उतरने के बाद चोरी का पता चला। अधिकारी का आरोप है कि ऑटो में बैठी सवारियों ने मास्टर की से बैग खोलकर रुपये निकाले हैं। साहिबाबाद थाना पुलिस ने सवारी और ऑटो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शालीमार गार्डन निवासी अनिल कुमार सिंह पीसीएस अधिकारी हैं। उनकी अलीगढ़ पोस्टिंग हैं। वह रविवार रात करीब 9:30 बजे मोहन नगर से शालीमार गार्डन के लिए ऑटो में बैठे थे। ऑटो में एक परिवार भी आकर बैठ गया। महिला, एक पुरुष और दो बच्चे थे। पूरा परिवार पसौंडा पुलिया पर उतर गया। पीड़ित जब शालीमार गार्डन पर उतरे तो देखा कि उसके ब्रीफकेस को मास्टर चाबी से खोला गया था। ब्रीफकेस में रखे 38 हजार रुपये, जरूरी दस्तावेज और रबर की स्टैंप गायब थी। एसएसओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला और बच्चों की आड़ में की वारदात
अधिकारी अनिल सिंह ने बताया कि अंधेरे का फायदा उठाकर बगल में बैठे बच्चे और महिला ब्रीफकेस को इधर-उधर कर रहे थे। महिला ने ब्रीफकेस को उठाया भी था, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि वह चोरी कर सकते हैं। उनके ब्रीफकेस पर चाबी लगाने के निशान भी बने हुए थे।