चार भाइयों के परिवार में हुई बेटी, सड़क पर चार घंटे आतिशबाजी
गाजियाबाद। अभी तक आपने बेटे के जन्म पर लोगों को जश्न मनाते और मिठाइयां बांटते देखा होगा, लेकिन मंगलवार रात बेटी के जन्म पर एक परिवार ने खुशी में चार घंटे तक सड़क पर आतिशबाजी की। चार भाइयों के परिवार में पहली बेटी पैदा हुई है। हर किसी को मिठाई खिलाई गए। चारों भाइयों ने सड़क पर जमकर डांस भी किया।
कल्लूपुरा निवासी अतुल की पत्नी टीना के मंगलवार शाम करीब सात बजे यशोदा अस्पताल में बेटी हुई तो पूरा घर में जश्न शुरू हो गया। डासना गेट रोड पर अतुल के साथ उसके बड़े भाई सुमित, कृष्णा और हैप्पी ने घर में पहली बेटी पैदा होने की खुशी में बाजार से करीब 25 हजार रुपये के पटाखे खरीदे। करीब चार घंटे तक पूरी रोड पर आतिशबाजी होती रही। पेश से कार खरीद बिक्री के कारोबारी अतुल का कहना है कि हमारे कोई बहन नहीं है। बड़े भाई के भी बेटा है। पूरे परिवार में किसी के भी घर में बेटी नहीं थी। अब घर में बेटी हुई है तो हमारे लिए इससे बड़ी खुशी की क्या बात हो सकती है। कल से सभी मोहल्ले वालों और रिश्तेदारों को दावत दी जाएगी। भतीजी के पैदा होने पर कृष्णा ने कहा कि पूरे परिवार महीनों से दुआ करा था कि हमारे घर में बेटी का जन्म हो। अब भगवान ने हमारी मनोकामना पूरी कर दी है तो इससे बड़ी खुशी की क्या बात हो रही है। अब अपनी इस खुशी में रिश्तेदारों और सभी जानने वालों को शामिल करेंगे। हम चाहते हैं कि समाज का हर व्यक्ति बेटी के पैदा होने पर खुशी मनाए। इसलिए पहले से तय किया था कि अगर बेटी पैदा होगी तो आतिशबाजी के साथ जश्न मनाएंगे।