साहिबाबाद। वसुंधरा सेक्टर चार सी में 40 फीट गहरा बेसमेंट का गड्ढा भरने का शुरू हो गया है। आवास विकास परिषद (आविप) द्वारा 2.31 करोड़ की लागत से गड्ढा भरा जा रहा है। इससे दो सोसायटी और एक कॉलेज के हजारों लोगों को राहत मिलेगी। गत साल इस गड्ढे से वार्तालोक सोसायटी के सामने 40 फीट सड़क धंस गई थी जिसके चलते 80 फ्लैटों को खाली कराया गया था।
आविप के अधिशासी अभियंता भोलानाथ सिंह ने बताया कि गत साल 26 जुलाई को 5 हजार स्क्वायर फीट में फैले इस गड्ढे में पानी भर गया था। इसके चलते वार्तालोक के सामने की सड़क 40 फीट धंस गई थी। तभी ही गड्ढा भरने का प्रस्ताव आविप मुख्यालय को भेजा गया था। मंगलवार को मुख्यालय ने इसका टेंडर स्वीकृत कर दिया। 2.31 करोड़ की लागत से बुधवार से गड्ढे को भरने का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस गड्ढे के तीन साइड से सटी वार्तालोक, प्रज्ञाकुंज सोसायटी और मेवाड़ कॉलेज की सड़क है। एक महीने के अंदर तीनों साइड से गड्ढे को मिट्टी से भरा जाएगा ताकि इस बरसात में किसी भी तरह से सड़क और सोसायटी प्रभावित न हो। इसके बाद गड्ढे को पूरी तरह से भरने में करीब तीन -चार महीने का समय लग जाएगा। बेसमेंट के इस गड्ढे को पूरी तरह से ढकने के बाद इस जमीन को नए खरीदार के नाम आवंटित किया जाएगा।
आविप बनाएगा वार्तालोक की बाउंड्री
गत साल जुलाई में सड़क धंसने के दौरान वार्तालोक सोसायटी की बाउंड्री वॉल भी टूट गई थी। आविप ने सोसायटी के लोगों को इस बाउंड्री की मरम्मत का आश्वासन दिया है। फिलहाल गड्ढे भरने के दौरान वार्तालोक के सामने की सड़क यातायात को लेकर प्रभावित रहेगी। आविप अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से इसमें सहयोग का अनुरोध किया है। गड्ढा भरने का काम शुरू होने से वार्तालोक और प्रज्ञाकुंज सोसायटी के लोगों ने राहत की सांस ली है।