पांच दिन से टूटी पड़ी है पानी की लाइन, सप्लाई बाधित
साहिबाबाद। शालीमार गार्डन में प्रयास पार्क के पास करीब पांच दिनों से पानी की पाइप लाइन टूटी है। इसकी वजह से इलाके में लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। लोगों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है। लगातार शिकायत के बाद भी लाइन की मरम्मत नहीं की जा रही है।
प्रयास पार्क के पास करीब पांच दिन से पानी की पाइप लाइन टूटी है। शिकायत पर कुछ दिन पहले कर्मचारी आए और गड्ढा करके चले गए। अभी तक लाइन की मरम्मत नहीं की गई है। पानी की पाइप लाइन टूटने से इलाके में पानी की सप्लाई प्रभावित है। लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। लगातार नगर निगम अधिकारियों से पाइप लाइन मरम्मत की मांग की जा रही है। अधिकारी हर बार कार्रवाई का आश्वासन देकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं, लेकिन मरम्मत के लिए कोई कदम नहीं उठा रहे हैं। वहीं बृजविहार में भी लोगों को मात्र बीस मिनट ही पानी मिला। पर्याप्त पानी नहीं मिलने की वजह से लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ा। अवर अभियंता डीके सत्संगी ने बताया कि लाइन की मरम्मत के लिए सामान मंगाया गया है। सामान मिलते ही लाइन की मरम्मत करा दी जाएगी।