माउंट एवरेस्ट चोटी फतह करने पर सागर का स्वागत
गाजियाबाद। अंतर राष्ट्रीय पर्वतारोही सागर कसाना के माउंट एवरेस्ट चोटी फतह करने के बाद जनपद आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया। लोगों ने उन्हें जिले का गौरव बताया।
नगर के नेहरूनगर द्वितीय निवासी सागर कसाना पुत्र अजब सिंह कसाना पर्वतारोही हैं। उन्होंने विश्व की सबसे बड़ी चोटी माउंट एवरेस्ट को फतह किया है। इससे पहले सागर अफ्रीका खंड की सबसे ऊंची चोटी किलमिनजारो, यूरोप खंड की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रश को फतह कर चुके हैं। लद्दाक, अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश की चोटी पर भी झंडा बुलंद किया है। महानगर के एक फार्म हाउस में जनपद आगमन पर स्वागत समारोह का आयोजन किया। उन्हें गदा देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान मेहंत नारायण गिरि, मंत्री अतुल गर्ग, महेश आहुजा, आस्कर विजेता स्नेहा गुर्जर, अजब सिंह कसाना आदि मौजूद रहे।